Buy Advt. Space

बिलासपुर: अंधविश्वास ने ली मां की जान, बेटे ने कुल्हाड़ी से किया कत्ल

By



पीतेश्वर हरपाल बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के सरवानी गांव से अंधविश्वास से जुड़ी एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 38 वर्षीय विष्णु केंवट ने अपनी ही मां मंटोरा बाई (60) की बेरहमी से हत्या कर दी।

घटना तब हुई जब आरोपी बच्चों की बीमारी का कारण अपनी मां को जादू-टोना मान बैठा। बैगा गुनिया के कहने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हत्या के बाद आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा और खुद जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, विष्णु अलग घर में रहता था जबकि मां अकेली पुराने मकान में रहती थी। बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब होने पर इलाज के साथ उसने झाड़-फूंक भी कराई। इस दौरान गुनिया ने उसकी मां पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाया।

इसी शक में विष्णु ने कई बार मां से टोना-टोटका छोड़ने को कहा। शुक्रवार को विवाद बढ़ा तो गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से हमला कर मां की जान ले ली।

थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

घटना ने पूरे गांव को दहशत और सदमे में डाल दिया है, जहां अंधविश्वास ने मां-बेटे के रिश्ते को ही खून से रंग दिया।

Leave a Comment