ब्यूरो अंकित टाटिया बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि जिले के अधिकारी-कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण के कारण बालोद जिला शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेशभर में अग्रणी बन रहा है। उन्होंने यह बातें विकासखण्ड मुख्यालय गुंडरदेही में आयोजित उत्कृष्टता सम्मान समारोह में व्यक्त की।
इस अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा सहित गुंडरदेही विकासखण्ड के प्रशासनिक अमले की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन जैसे राष्ट्रीय कार्य को निर्विघ्न संपन्न कराना एक बड़ी उपलब्धि है।
कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि राजस्व विभाग के पटवारी, शिक्षक, पुलिस जवान, नगरीय निकाय और पंचायत अमला सभी ने निर्वाचन में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। उन्होंने यह भी बताया कि बालोद जिले ने वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 1 लाख 75 हजार पौधरोपण का कीर्तिमान बनाया और 98% डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य पूरा कर अग्रणी स्थान हासिल किया।
समारोह में जिला पंचायत के सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी, एडीशनल एसपी श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीएम श्रीमती प्रतिमा ठाकरे झा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री देवांश राठौर, तहसीलदार श्री कोमल ध्रुव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई और हर वर्ष 100 घंटे श्रमदान कर स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दिलवाया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सभी रिटर्निंग ऑफिसर, सेक्टर अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, पीठासीन और मतदान अधिकारियों सहित निर्वाचन अमले की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
गुंडरदेही में उत्कृष्टता सम्मान, अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित








