पीतेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले में तीन दिनों तक चले संयुक्त नक्सल विरोधी ऑपरेशन में ई-30, एसटीएफ, सीएएफ और कोबरा 207 बटालियन के जवानों ने 10 बड़े नक्सली नेताओं को ढेर कर बड़ी कामयाबी हासिल की। इस ऐतिहासिक सफलता पर पुलिस लाइन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें डीजीपी अरुण देव गौतम ने सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई दी और उनके साथ भोजन भी किया।
डीजीपी ने जवानों की वीरता की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल गरियाबंद, बल्कि पूरे बस्तर अंचल के लिए माओवादी उन्मूलन की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए आगे भी ऐसे ही समर्पण और साहस के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल उन्मूलन) विवेकानंद सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सुरक्षा बलों के जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।








