रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र के राजीव नगर में पति, पत्नी और दो बच्चों की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घर के आंगन से चार शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जांच को कई एंगल से तेज कर दिया है।
तीन टीमों को मिली जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही हैं—
घटनास्थल से मिले हथियारों की फॉरेंसिक जांच
रिश्तेदारों से पूछताछ
पैतृक जमीन और आर्थिक सौदों की पड़ताल
हथियार बरामद, शक गहराया
पुलिस ने घर से राड़, हसिया, फावड़ा, गैती और कुल्हाड़ी जैसे औजार जब्त किए हैं। आशंका है कि इन्हीं से परिवार की हत्या की गई।
रिश्तेदारों पर शक की सुई
घटना के बाद मृतक परिवार के कुछ नजदीकी रिश्तेदारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या परिवार के भीतर का कोई विवाद इस नरसंहार की वजह बना।
जमीन सौदे से जुड़ा एंगल
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि मृतक बुधराम ने महज चार दिन पहले ही अपनी पैतृक जमीन 5 लाख रुपये लेकर एक उद्योग को बेची थी। बाकी रकम मिलना बाकी था। अब पुलिस यह खंगाल रही है कि कहीं यही सौदा खूनी वारदात की जड़ तो नहीं।
दहशत में गांव
घटना के बाद से राजीव नगर दहशत में है। लोग हैरान हैं कि आखिर कौन पूरे परिवार को मौत के घाट उतारकर शवों को घर के आंगन में दबा सकता है।
रायगढ़ ट्रिपल मर्डर: जमीन विवाद की आंच, रिश्तेदारों पर जांच का फोकस








