पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले में हाथियों की गतिविधि एक बार फिर तेज हो गई है। पाण्डुका क्षेत्र के नागझर और बोड़राबांधा गांव के आसपास दो दंतैल हाथी बीबीएमई 1 (BBME1) और जीबीएमई 1 (GBME1) लगातार खेत–खलिहान में विचरण कर रहे हैं। उनकी मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
हालात को देखते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट जारी किया है। पाण्डुका स्टाफ और हाथी मित्र दल मौके पर तैनात हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं। विभाग ने लोगों से खेतों में अकेले न जाने, रात में अलाव जलाकर रखने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत देने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों से हाथियों की आवाजाही बढ़ने से धान की फसल को नुकसान पहुँचने की आशंका बनी हुई है। वन विभाग ने आश्वस्त किया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गरियाबंद: पाण्डुका क्षेत्र में दो दंतैल हाथियों की दस्तक, वन विभाग अलर्ट








