पीतेश्वर हरपाल गरियाबंद। नेशनल हाईवे-130 पर हाथियों की मौजूदगी से एक बार फिर खतरे की घंटी बज गई है। पाण्डुका क्षेत्र में बीती रात से दो दंतैल हाथी (BBME 1 और GB ME1) सक्रिय हैं और लगातार खेत-खलिहान में विचरण कर रहे हैं। संभावना है कि ये हाथी कभी भी सड़क पार कर आगे बढ़ सकते हैं। इसी को देखते हुए वन विभाग ने हाई अलर्ट घोषित किया है।
सूत्रों के अनुसार, हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पाण्डुका वन स्टाफ और हाथी मित्र दल को मौके पर तैनात किया गया है। हाथी वर्तमान में नागझर और आसपास के क्षेत्रों में देखे गए हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि वे सतर्कता बरतें और विशेषकर नेशनल हाइवे से गुजरते समय सावधानी से आवागमन करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, टीमें गश्त कर रही हैं और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
साथ ही ग्रामीणों से आग्रह किया गया है कि यदि हाथी गांव या खेतों की ओर बढ़ें तो तत्काल सूचना वन विभाग को दें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
खबर का सार
पाण्डुका क्षेत्र में दो दंतैल हाथी सक्रिय।
नेशनल हाईवे-130 पर कभी भी कर सकते हैं सड़क पार।
वन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट।
ग्रामीणों और वाहन चालकों से सतर्क रहने की अपील।
गरियाबंद: नेशनल हाईवे पर हाथियों की दस्तक, वन विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट








