पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ अमर्यादित भाषा व गाली-गलौज किए जाने की घटना ने पूरे देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं को आक्रोशित कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्रकार ने किया। भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा चौक पर जुटे और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपाइयों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी माता जी पर अभद्र शब्दों का प्रयोग केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे देश का अपमान है।
प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर “निचली राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी का मकसद देश की जनता को भ्रमित करना और नेताओं का व्यक्तिगत अपमान करना मात्र रह गया है।
गरियाबंद: पीएम मोदी व उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने किया पुतला दहन








