Buy Advt. Space

रिश्वतखोर आबकारी उपनिरीक्षक 50 हजार रुपए लेते रंगे हाथों गिरफ्तार..

By



रायगढ़। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी कार्रवाई में आबकारी विभाग का उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई एसीबी की बिलासपुर इकाई ने रविवार को खरसिया स्थित आबकारी कार्यालय में की।

शिकायत पर हुई कार्रवाई

धर्मजयगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो ने 20 अगस्त को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 19 अगस्त को आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग उसके गांव पंडरी महुआ पहुंचा और शराब बनाने का आरोप लगाते हुए घर की तलाशी ली। इस दौरान उसने कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए और कड़ी कार्रवाई से बचने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की।

प्रार्थी ने रिश्वत देने से इंकार करते हुए सीधे एसीबी में शिकायत की। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।

रंगे हाथों गिरफ्तार

आज एसीबी टीम ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम आरोपी तक पहुंचाने भेजा। जैसे ही आरोपी उपनिरीक्षक नारंग ने खरसिया स्थित कार्यालय में 50 हजार रुपए लिए, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस

एसीबी ने आरोपी से रिश्वत की रकम जब्त कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद से आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

एसीबी सूत्रों का कहना है कि भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों पर ऐसी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment