के वी के बोरगांव में कार्यक्रम का किया गया सीधा प्रसारण
कोण्डागांव ! प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज आज पी.एम. धन धान्य कृषि योजना, दलहन मिशन एवं कृषि संबंधी अन्य योजनाओं का शुभारंभ किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र, पूर्वी बोरगांव, कोण्डागांव में आज पी.एम. धन धान्य कृषि योजना, दलहन मिशन एवं अन्य योजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़े ही उत्साहपूर्ण एवं भव्य रूप में आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में जिले के उन्नत कृषक, जनप्रतिनिधि, वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पी.एम. धन धान्य कृषि योजना का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिलों के कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें अधिक उत्पादन, उच्च गुणवत्ता एवं लाभकारी कृषि की दिशा में सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के कृषक यदि आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियाँ एवं उन्नत बीजों को अपनाएँ, तो देश को न केवल खाद्य सुरक्षा मिलेगी, बल्कि कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित होगी। प्रधानमंत्री ने दलहन उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का आव्हान किया तथा पी.एम. धन धान्य कृषि योजना की विशेषताओं की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए किसानों से अधिकाधिक लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि किसानों के हित में जीएसटी में रियायतें दी गई हैं, जिससे कृषि यंत्रों एवं संसाधनों की लागत में कमी आएगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन सहित कृषि से जुड़े सभी क्षेत्रों में योजनाओं के लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री प्रवीण बदेशा ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर खुशहाल एवं स्वास्थ्यवर्धक जीवन जीने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि श्री तरुण साना शासन की योजनाओं का समय पर लाभ उठाने, समन्वित कृषि प्रणाली विकसित करने तथा वैज्ञानिक विधियों से खेती करने हेतु किसानों को प्रेरित किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. सुरेश कुमार मरकाम ने पी.एम. धन धान्य कृषि योजना, दलहन आत्मनिर्भरता अभियान एवं अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए आगामी रबी फसलों हेतु कार्ययोजना पर विस्तृत विचार रखे। डॉ. हितेश कुमार मिश्रा, पशु वैज्ञानिक ने पशुधन प्रबंधन की नवीन तकनीकों की जानकारी दी, जबकि डॉ. भूपेन्द्र कुमार ठाकुर, सस्य वैज्ञानिक ने धान्य एवं लघुधान्य फसलों में प्राकृतिक एवं जैविक उपचार पद्धतियों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष श्री धनराज पाण्डे, मण्डल महामंत्री श्री प्रवीण राव, महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती सोमा दास, बोरगांव सरपंच श्रीमती चंद्रकला सरकार, सिंगारपुरी सरपंच श्री घस्सूराम मरकाम, सहायक संचालक कृषि श्री बिसेन कश्यप सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं उन्नत कृषक सम्मिलित हुए। सभी उपस्थित अतिथियों एवं कृषकों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण देखकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और कृषि के नवाचारों को अपनाने का संकल्प लिया।








