ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद ।नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग और शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को गरियाबंद में विशेष जागरूकता रैली और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा ने नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली की शुरुआत नशा मुक्ति केंद्र से हुई, जो बस स्टैंड, तिरंगा चौक, तहसील कार्यालय और गांधी मैदान होते हुए पुनः नशा मुक्ति केंद्र में समाप्त हुई। रैली में युवाओं और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर समाज में नशामुक्ति का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री राखेचा ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा न केवल गंभीर बीमारियों का कारण बनता है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं, पारिवारिक तनाव, आर्थिक तंगी और मानसिक समस्याओं की जड़ भी है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और प्रभावित व्यक्तियों को नशा मुक्ति केंद्र में उपचार कराने की अपील की।
इस अवसर पर शिवम् कॉलेज, एटीएस कॉलेज और प्रेरणा नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक डी.पी. ठाकुर, नशा मुक्ति केंद्र के संचालक डॉ. मनोज साहू, प्राचार्य सत्येंद्र तिवारी, प्रबंधक खिलेश गायकवाड़ सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यह आयोजन जिले में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
गरियाबंद : नशामुक्त भारत अभियान के तहत रैली, एसपी ने दिलाई शपथ








