देशभर के टॉप-5 आईपीएस अधिकारियों में बनाई जगह, मिला हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव ,कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) पंकज चंद्रा ने अपनी उत्कृष्ट कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें “हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट” से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने देशभर के शीर्ष पांच अधिकारियों में अपना स्थान बनाया।
कड़े मूल्यांकन के बाद मिली राष्ट्रीय उपलब्धि
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर से शामिल आईपीएस अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार तथा एमसीक्यू परीक्षा सहित विभिन्न मानकों पर किया गया। सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने शीर्ष पांच अधिकारियों में स्थान हासिल किया। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि कोंडागांव जिले और छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए भी गर्व का विषय माना जा रहा है।
केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर प्रस्तुत किया मॉडल
प्रशिक्षण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपने प्रेजेंटेशन का विषय कोंडागांव जिले की पहचान केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन को बनाया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक और दूरदर्शी ट्रैफिक मैनेजमेंट की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उनके इस प्रस्तुतीकरण की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने सराहना की।
पुलिसिंग में नवाचार और जनविश्वास पर रहा विशेष फोकस
कोंडागांव में पदस्थापना के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग तथा आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़ाने की दिशा में कई उल्लेखनीय पहल की हैं। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना ने जिले की पुलिसिंग को नई दिशा प्रदान की है।
पुलिस परिवार में खुशी का माहौल
एसपी पंकज चंद्रा की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर कोंडागांव पुलिस परिवार में हर्ष का वातावरण है। जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी सोच में कोंडागांव पुलिस आगे भी उत्कृष्ट कार्य करते हुए नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।








