Buy Advt. Space

मसौरा में विधायक लता उसेंडी ने 46 छात्राओं को वितरित की निःशुल्क साइकिल

By

साइकिल वितरण समारोह में छात्राओं को नियमित अध्ययन और बेहतर भविष्य के लिए किया प्रेरित

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, ग्राम मसौरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय की 46 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।

नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी ने विद्यालय के नवनिर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील

अपने संबोधन में विधायक उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वर्षा जल संरक्षण के प्रति भी जागरूक रहने का संदेश दिया।

पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

विधायक ने मसौरा क्षेत्र में पर्यटन विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छी शिक्षा ग्रहण कर संस्कारवान नागरिक बनने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, जिला पंचायत सदस्य नंद लाल राठौर, जनपद पंचायत सदस्य अनिल कोर्राम, दीपेश अरोरा, संतोष पात्रे, धनजू मरकाम, बंटी नाग, लक्ष्मीनाथ नेताम, श्रीमती जयंती मरकाम, ग्राम सरपंच श्रीमती सुकली बाई मरकाम, जनपद पंचायत सीईओ उत्तम महोबिया, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Comment