पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। पाण्डुका वन परिक्षेत्र के नांगझर गांव में तेंदुआ (स्थानीय बोली में बुंदी) देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। तेंदुए का वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाकर सोशल मीडिया में साझा किया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से गांव के आसपास मंडरा रहा है। शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। गांव की महिलाएं और बच्चे खेत की ओर जाने से बच रहे हैं।
इस घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण कर निगरानी बढ़ा दी है। विभाग द्वारा गांव में मुनादी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
वन विभाग की अपील :
तेंदुए के देखे जाने पर शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचित करें।
अकेले खेत या जंगल की ओर न जाएं।
बच्चों को घर के आसपास ही रखें।
पालतू जानवरों को रात में खुले में न छोड़ें।
वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि टीम लगातार गश्त कर रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारी जल्द ही सुरक्षा की और पुख्ता व्यवस्था करने की बात कह रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती की जाए ताकि तेंदुए से किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
गरियाबंद के नांगझर गांव में तेंदुआ दिखा, दहशत में ग्रामीण








