Buy Advt. Space

उतई पुलिस ने बनाया सेल्फी प्वाइंट, सुरक्षा के प्रति लोगों को किया जागरूक

By

उतई। लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेशों को रोचक एवं सहज तरीके से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से उतई पुलिस ने बस स्टैंड उतई स्थित गणेश पंडाल के समीप आकर्षक सेल्फी जोन बनाया है। इस पहल के माध्यम से पुलिस ने यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और साइबर अपराध से बचाव को लेकर लोगों को जागरूक किया।

हेलमेट पहनने और नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील

सेल्फी जोन में लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है। पुलिस ने बाइक चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही नशामुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

साइबर ठगी से बचाव का दिया संदेश

सेल्फी प्वाइंट के जरिए पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। आमजन से अपील की गई कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें और साइबर ठगी से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि से सावधान रहें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

आकर्षक तरीके से सुरक्षा संदेश पहुंचाने की पहल

उतई पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल लोगों को जागरूक करना ही नहीं, बल्कि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेशों को आकर्षक और सहज माध्यम से आमजन तक पहुंचाना है। सेल्फी जोन के माध्यम से लोग संदेशों के साथ तस्वीरें लेकर उन्हें दूसरों तक भी साझा कर सकते हैं, जिससे यातायात सुरक्षा, नशामुक्ति और साइबर जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंच सके।

Leave a Comment