Buy Advt. Space

नगरीय निकाय कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर महासंघ ने शासन को सौंपा मांग पत्र

By

1 अक्टूबर को रायपुर तुता में होगा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

दुर्ग, भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के आह्वान पर नगरीय निकायों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारी भी 1 अक्टूबर को रायपुर के तुता में आयोजित होने वाले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। इसे लेकर स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव एवं संचालक से मुलाकात कर 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

महानदी भवन और इंद्रावती भवन में सौंपा मांग पत्र

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने अटल नगर नवा रायपुर स्थित महानदी भवन एवं इंद्रावती भवन में विभागीय अधिकारियों से भेंट की। इस दौरान नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों के निराकरण की मांग करते हुए 15 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को 1 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन में कर्मचारियों के शामिल होने की जानकारी भी दी।

संविदा और प्लेसमेंट कर्मचारी भी होंगे शामिल

महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शरद दुबे एवं महामंत्री अनिल सिंह ने बताया कि धरना प्रदर्शन में प्रदेश के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के साथ संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मी सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल होंगे। कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर महासंघ द्वारा लगातार शासन एवं विभागीय स्तर पर चर्चा की जाती रही है।

मांगों के निराकरण में ठोस पहल नहीं होने पर रोष

महासंघ पदाधिकारियों के अनुसार मांग पत्र के विभिन्न बिंदुओं पर विभागीय स्तर पर चर्चा होने के बावजूद अब तक इनके निराकरण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है। इसे लेकर कर्मचारियों में रोष है। महासंघ ने अपनी मांगों के निराकरण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से धरना प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया है।

कर्मचारियों से धरना प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

महासंघ के पदाधिकारियों सुरेश तिवारी, संजय मिश्रा, अनिल बाजपेयी, विष्णु चंद्राकर, अमरनाथ दुबे, रामवृक्ष यादव, गोपाल सिन्हा, अरुण मिश्रा, रीता चतुर्वेदी, कृष्णा देशमुख, अमित चंद्राकर, विवेक रंगनाथ, संतोष सोनी, शशि यादव, ईश्वर वर्मा, राम अवतार साहू, नवीन साहू एवं विजेंद्र परिहार सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारियों से 1 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रायपुर तुता पहुंचने की अपील की है।

महासंघ ने कर्मचारियों से अपनी मांगों के समर्थन में एकजुट होकर धरना प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। यह जानकारी स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के महामंत्री अनिल सिंह ने दी।

Leave a Comment