Buy Advt. Space

अंडा चौक में बिजली समस्याओं को लेकर प्रदर्शन, विधायक का पुतला फूंका

By

उतई। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में बिजली कटौती, पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन काटे जाने, बढ़े हुए बिजली बिल और कृषि पंपों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने की समस्याओं को लेकर बुधवार को अंडा चौक में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 24 एवं किसान नेता ढालेश साहू ने किया।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक का पुतला दहन किया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने 21 सद्बुद्धि दीप जलाकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। इस दौरान “अंधेरा छटेगा, उजाला आएगा” का नारा भी लगाया गया। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, दुर्ग के नाम ज्ञापन सौंपकर बिजली संबंधी समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने मचांदूर से निकुम, अंडा से उतई तथा कुथरेल से नगपुरा सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही बकाया बिजली बिल के कारण जिन पंचायत भवनों के बिजली कनेक्शन काटे गए हैं, उन्हें तत्काल दोबारा जोड़ने की मांग रखी।

ग्रामीणों ने बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की जांच कर निराकरण करने की मांग भी की। इसके अलावा धान की फसल के समय किसानों को कृषि पंपों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष ऋषि साहू ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक से समस्याओं पर ध्यान देकर बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए पहल करने की बात कही।

जनपद सदस्य एवं किसान नेता ढालेश साहू ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि 7 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और चक्काजाम जैसे कदम उठाए जाएंगे।

प्रदर्शन में किशोरी लाल देशमुख, रमेश साहू, टोंपसिंह पटेल, गीतेश्वर साहू, हेमलाल, ऋषि साहू, कामेश साहू, राकेश कौशिक, बालाराम, राजा, कान्हा पाण्डेय, अमर पटेल, पुनाराम निर्मलकर, ममता ताम्रकार, नंद कुमार, संतोष, रनमत, कीर्तन, सेवक, ओमप्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment