Buy Advt. Space

समाज रत्न दाऊ उत्तम साव की 47वीं पुण्यतिथि पर चीरपोटी में भव्य आयोजन

By

उतई। ग्राम चीरपोटी में शनिवार को समाज रत्न पूज्य दाऊ उत्तम साव की 47वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पूजा-अर्चना एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दाऊ उत्तम साव के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने दाऊ उत्तम साव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समाज को संगठित करने और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने में वरिष्ठजनों और दाऊ उत्तम साव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को फिर से उसी एकजुटता की आवश्यकता है।

ताम्रध्वज साहू ने नई पीढ़ी को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही सामाजिक आयोजनों में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि वे अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक दायित्वों को समझ सकें। उन्होंने भक्त माता कर्मा की जीवनी एवं उनके विचारों से नई पीढ़ी को परिचित कराने की आवश्यकता भी बताई।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू ने दाऊ उत्तम साव के योगदान को याद करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू समाज के गठन के समय सर्वसम्मति से दाऊ उत्तम साव को अध्यक्ष चुना गया था। उन्होंने समाज में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे, तभी समाज का भविष्य मजबूत होगा।

सैकड़ों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य शिविर का उठाया लाभ

दाऊ उत्तम साव की पुण्यतिथि के अवसर पर महिमा हॉस्पिटल, उतई के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाया गया। शिविर में डॉ. ललित साहू, डॉ. सिंधु साहू सहित स्वास्थ्य टीम ने ग्रामीणों की जांच की और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशीला साहू, डॉ. दयाराम साहू, प्रदेश साहू संघ के महामंत्री राजेश साहू, जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू, पी.आर. साहू, जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रद्धा साहू, राकेश हिरवानी, जनपद सदस्य ढालेश साहू, ग्राम चीरपोटी की सरपंच पूजा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया। आयोजन के दौरान दाऊ उत्तम साव के सामाजिक योगदान को याद करते हुए समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment