ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) ने 6 जून को थाना फरसगांव का औचक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, गुम इंसान एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभिलेखों और थाना व्यवस्था का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना के रोजनामचा, अपराध पंजी, अभिलेख संधारण, मालखाना, शस्त्रागार एवं आर्म्स-एम्युनेशन का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव पर जोर दिया।
साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई और रिकॉर्ड के बेहतर संधारण के लिए थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास को आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को दिया मार्गदर्शन
पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थ प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से चर्चा कर उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली, विवेचना, कानून-व्यवस्था संधारण तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ करने की सीख देते हुए व्यावहारिक पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
निरीक्षण के दौरान थाना स्टाफ को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, अपराध नियंत्रण, प्रभावी पेट्रोलिंग तथा नागरिकों की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बेहतर पुलिसिंग के लिए जारी है निरीक्षण अभियान
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से समय-समय पर थानों का निरीक्षण और कार्यों की समीक्षा की जा रही है। इस तरह के निरीक्षणों से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और कार्यकुशलता को बढ़ावा मिलता है।








