Buy Advt. Space

रेयर ब्लड डोनर्स ने समय पर रक्तदान कर बचाई दो मरीजों की जान

By

दुर्ग।जिला चिकित्सालय दुर्ग में समय पर उपलब्ध हुए रेयर ब्लड डोनर्स की बदौलत दो मरीजों को जीवनदायी रक्त मिल सका। लगातार हो रही वर्षा और ब्लड बैंक में दुर्लभ रक्त समूह उपलब्ध नहीं होने के बावजूद रक्तदाताओं ने आगे आकर मानवता की मिसाल पेश की।

जानकारी के अनुसार, दुर्ग सेंट्रल जेल से लाई गई महिला कैदी रजनी को शरीर में अत्यधिक रक्त की कमी के कारण जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने तत्काल ओ-नेगेटिव (O Negative) रक्त की आवश्यकता बताई, लेकिन ब्लड बैंक में यह रक्त समूह उपलब्ध नहीं था। इसी दौरान प्रसूति वार्ड में भर्ती हेमा देशमुख को भी ए-नेगेटिव (A Negative) रक्त की तत्काल जरूरत थी।

जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीषन कुमार मिंज एवं ब्लड बैंक प्रभारी अधिकारी डॉ. संतराम चुरेंद्र के मार्गदर्शन में ब्लड बैंक स्टाफ हिमांशु चंद्राकर ने रेयर ब्लड ग्रुप के रक्तदाताओं से लगातार संपर्क किया। बारिश के बावजूद रक्तदाताओं ने अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान किया।

इस दौरान नूर अहमद, निशांत ताम्रकार और वंदना राजपूत ने ओ-नेगेटिव, जबकि कंवर पाल ने ए-नेगेटिव रक्तदान कर दोनों मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

रक्तदान के समय अस्पताल सलाहकार डॉ. ओम प्रकाश वर्मा, चिकित्सा अधिकारी डॉ. लीयमान चौधरी, लैब टेक्नोलॉजिस्ट रोशन सिंह, नर्सिंग ऑफिसर सती गुप्ता, लैब सुपरवाइजर रूपेश सर्पे, लैब टेक्नीशियन भूपेश दिल्लीवार, तीरथ यादव, निशू एवं माला उपस्थित रहे।

अस्पताल प्रबंधन ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर किया गया स्वैच्छिक रक्तदान किसी भी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

Leave a Comment