Buy Advt. Space

लोहरसी गौठान मामले में पत्रकार मुकेश साहू ने एसडीएम से की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

By

पाटन। ग्राम लोहरसी स्थित गौठान में मवेशी की मौत और मुरुम उत्खनन को लेकर सामने आई खबर के बाद विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। मामले को लेकर पत्रकार मुकेश कुमार साहू ने पाटन एसडीएम के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर अपना पक्ष रखा है।

पत्रकार मुकेश साहू के अनुसार, उन्होंने गौठान की स्थिति और मौके पर दिखाई दे रही खुदाई से संबंधित जानकारी को समाचार एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक किया था। उनका कहना है कि खबर का उद्देश्य संबंधित मामले को प्रशासन और आम लोगों के संज्ञान में लाना तथा वास्तविक स्थिति की जांच की मांग करना था।

मुकेश साहू का आरोप है कि खबर प्रकाशित होने के बाद लोहरसी सरपंच राकेश साहू की ओर से उनके खिलाफ ऐसे आरोप लगाए गए, जिन्हें वे पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन मानते हैं। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाए जाएं।

इससे पहले सरपंच राकेश साहू द्वारा गौठान क्षेत्र में मुरुम उत्खनन की जानकारी होने से इनकार किया गया था। वहीं, पत्रकार का कहना है कि मौके की तस्वीरों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर उन्होंने इस विषय को समाचार के रूप में उठाया।

मुकेश साहू के मुताबिक, एसडीएम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

फिलहाल पत्रकार मुकेश साहू ने निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में सामने आए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Comment