दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के हनोदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर श्रीशांत दुबे के खिलाफ ग्रामीणों और युवाओं ने कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉक्टर नियमित ड्यूटी समय का पालन नहीं कर रहे हैं, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि डॉक्टर श्रीशांत दुबे सुबह की पाली में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद दोपहर के भोजन अवकाश के पश्चात अस्पताल से अनुपस्थित हो जाते हैं। आरोप है कि कई बार अवकाश आवेदन देने के बावजूद बाद में उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए जाते हैं। ग्रामीणों का दावा है कि यह स्थिति पिछले लगभग एक वर्ष से बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस संबंध में जिला कलेक्टर और सीएमएचओ दुर्ग को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने वालों में धनंजय साहू, सोनू साहू, गुलशन शर्मा, शुभम सिंह, भरत साहू सहित गांव के जनप्रतिनिधि एवं अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित डॉक्टर या स्वास्थ्य विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
हनोदा स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर-सीएमएचओ से की कार्रवाई की मांग








