Buy Advt. Space

बिजली कटौती के बीच दीये जलाने के आदेश पर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जताया विरोध

By

दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना, ग्रामीण क्षेत्रों के बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर सरकारी कार्यालयों में दीये जलाने को लेकर जारी निर्देशों पर दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सवाल उठाते हुए विरोध जताया है।

राकेश ठाकुर ने कहा कि एक ओर सरकारी कार्यालयों में दीये जलाने की तैयारियां की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर दुर्ग जिले की कई ग्राम पंचायतों में बकाया बिजली बिल के चलते बिजली कनेक्शन काटे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। हाल ही में दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र की निकुम पंचायत में भी करीब 30 से 35 लाख रुपये के बिजली बिल बकाया के चलते पंचायत भवन का कनेक्शन काटे जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिजली कटौती से पंचायत भवनों में ऑनलाइन कामकाज और ग्रामीणों से जुड़े जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में सरकारी स्तर पर दीये जलाने का निर्देश ग्रामीण क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति को नजरअंदाज करने जैसा है।

राकेश ठाकुर ने कहा, “जब गांवों के घर और दफ्तर बिजली न होने के कारण अंधेरे में हैं, तब सरकारी तंत्र से दीये जलाने का आदेश केवल दिखावा है और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाता है।”

उन्होंने सरकार से मांग की कि उत्सव संबंधी गतिविधियों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती की समस्या का भी प्राथमिकता से समाधान किया जाए और बकाया बिजली बिलों के निपटारे के लिए पंचायतों को आवश्यक सहयोग दिया जाए।

गौरतलब है कि सितंबर की शुरुआत में दुर्ग जिले के कई पंचायत भवनों में बिजली कटौती को लेकर सरपंच संघ द्वारा कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपे जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।

राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ग्रामीण जनता की समस्याओं को लेकर अपनी आवाज उठाती रहेगी और बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग को लेकर प्रशासन के समक्ष मुद्दा उठाया जाएगा।

Leave a Comment