Buy Advt. Space

कोंडागांव में गंगा दशहरा एवं गायत्री जयंती महापर्व 23-24 जून

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांवकोंडागांव, गंगा दशहरा एवं गायत्री जयंती के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा 23 एवं 24 जून को चिखलपुट्टी स्थित आश्रम में जिला स्तरीय गायत्री जयंती एवं धर्म सभा सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस महापर्व में जिले भर से श्रद्धालु, प्रज्ञा परिजन, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन शामिल होंगे।

गंगा दशहरा और गायत्री जयंती का विशेष महत्व

गायत्री परिवार के अनुसार भारतीय संस्कृति में गंगा दशहरा एवं गायत्री जयंती का विशेष महत्व है। मां गंगा जहां तन को निर्मल करने वाली पतित पावनी मानी जाती हैं, वहीं मां गायत्री को सद्बुद्धि की अधिष्ठात्री और मन को निर्मल करने वाली जगत जननी के रूप में पूजा जाता है। दोनों महाशक्तियों का एक ही दिन पृथ्वी पर अवतरण होने के कारण यह पर्व विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।

आश्रम को बनाया जा रहा है संभागीय केंद्र

गायत्री परिवार ने बताया कि इस बार आयोजन को जिला स्तर पर मनाने का उद्देश्य चिखलपुट्टी स्थित आश्रम में संचालित विभिन्न गतिविधियों को और विस्तार देना है। भविष्य में यह आश्रम बस्तर संभाग के सातों जिलों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

आश्रम के माध्यम से साधना आंदोलन, स्वास्थ्य संवर्धन, कुरीति उन्मूलन, नशामुक्ति अभियान, स्वावलंबन, नारी जागरण, पर्यावरण संरक्षण तथा गुरुकुल आधारित शिक्षण संस्थानों के संचालन की दिशा में कार्य किया जाएगा। साथ ही सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों और रचनात्मक सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा।

पहले दिन निकलेगी शोभायात्रा

दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत 23 जून को मोटरसाइकिल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद संध्याकालीन संगीत एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन 12 घंटे का अखंड जप भी संपन्न कराया जाएगा।

नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा आकर्षण का केंद्र

24 जून को मां गंगा एवं मां गायत्री के अवतरण पूजन के साथ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद विशिष्ट अतिथियों, धर्माचार्यों और प्रबुद्धजनों की उपस्थिति में धर्म सभा एवं सांस्कृतिक समागम का आयोजन होगा।

नवयुग निर्माण का लिया जाएगा संकल्प

कार्यक्रम के दौरान गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीय माताजी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर प्रज्ञा परिजन नवयुग निर्माण के संकल्प को साकार करने की शपथ लेंगे। साथ ही नवयुग के संविधान का सामूहिक वाचन भी किया जाएगा।

जिलेभर में उत्साह का माहौल

इस आयोजन को लेकर जिलेभर के श्रद्धालुओं और गायत्री परिवार के सदस्यों में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजन का समापन सामूहिक भोजन प्रसाद एवं विदाई कार्यक्रम के साथ होगा।

Leave a Comment