भिलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल के नेतृत्व में भिलाई-3 मंडल की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी 22 वार्डों से युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आगामी नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में ‘एक बूथ–10 यूथ’ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में 10-10 युवा कार्यकर्ताओं की टीम गठित की जाएगी, जो आगे चलकर शक्तिकेंद्र एवं बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करेगी।
जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने कहा कि युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाकर पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएगा। उन्होंने समयबद्ध तरीके से अभियान पूरा करने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
बैठक में भाजपा मंडल महामंत्री समीर अग्रवाल, शुभम चिंचुलकर, सौरभ चटर्जी, तुषांत वर्मा, अर्पणा मुखर्जी, भूपेश द्विवेदी, संदीप पाली, गीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, नीतीश राय, यशवंत सिंह, निशांत जोशी, शिवा सोना, बैसाखु यादव, संजू मानिकपुरी, सतीश साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भिलाई-3 में भाजयुमो की संगठनात्मक बैठक, ‘एक बूथ–10 यूथ’ अभियान पर जोर








