दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर में स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ द्वारा भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर सादगीपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता, श्रमिक सम्मान और राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में संघ अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है, जिसने सदैव श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए कार्य किया है।
महामंत्री अनिल सिंह ने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता, अनुशासन और समर्पण में निहित होती है। उन्होंने कर्मचारियों से जनहित एवं कर्मचारी हित में संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं संघ अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि स्थापना दिवस श्रमिकों के संघर्ष, समर्पण और गौरव का प्रतीक है तथा कर्मचारियों के अधिकारों के साथ उनके कर्तव्यों की भी याद दिलाता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने श्रमिक हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने और राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देकर कार्यक्रम का समापन किया।
भारतीय मजदूर संघ स्थापना दिवस पर कर्मचारियों ने दिखाई एकजुटता, श्रमिक सम्मान का लिया संकल्प








