Buy Advt. Space

15 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन, प्रतिभागियों को मिला सम्मान

By

दुर्ग। अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला साहू संघ दुर्ग के तत्वावधान में आयोजित 15 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य समापन शिव मंदिर प्रांगण स्थित जागृति महिला समिति भवन, कर्मचारी नगर दुर्ग में संपन्न हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करना था।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से जुड़ी विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक जानकारियां प्रशिक्षक खुशबू साहू और पूजा द्वारा प्रदान की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला साहू संघ दुर्ग के संयोजक शत्रुघ्न साहू ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में नंदलाल साहू ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती से ही समाज सशक्त बन सकता है। उन्होंने महिलाओं को हुनरमंद और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताते हुए आयोजन की सराहना की। साथ ही जागृति महिला समिति, प्रशिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं एवं युवतियों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षक खुशबू साहू एवं पूजा का भी विशेष सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अजय कुमार चौधरी, मंजू साहू, ललेश्वरी साहू, सविता वर्मा, राकेश साहू, अथवनी साहू, सुनील साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। उपस्थित अतिथियों ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समाज के विकास के लिए आवश्यक बताया।

Leave a Comment