Buy Advt. Space

रविंद्र चौबे के बयान से कांग्रेस में हलचल हाईकमान तक पहुँची शिकायत, अनुशासन समिति की बैठक बुलाए जाने की तैयारी

By



रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर सियासी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविंद्र चौबे द्वारा प्रदेश कांग्रेस की कमान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपने की मांग के बाद संगठन में विवाद गहराने लगा है।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मामले की शिकायत हाईकमान से कर दी है। सूत्रों के मुताबिक जल्द ही कांग्रेस अनुशासन समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें रविंद्र चौबे के बयान पर भी चर्चा होने की संभावना है।

भूपेश बघेल के समर्थन में बोले चौबे

रविंद्र चौबे ने हाल ही में भूपेश बघेल के जन्मदिन पर कहा था कि प्रदेश की जनता चाहती है कि कांग्रेस की बागडोर बघेल के हाथों में रहे। उन्होंने दावा किया कि बघेल के नेतृत्व में 2028 में कांग्रेस दोबारा सत्ता में लौट सकती है।

चौबे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस तरह 2013-2018 के बीच भाजपा की 15 साल की सत्ता को खत्म किया गया था, उसी तरह अब एकजुट होकर फिर से लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने कहा – “भूपेश बघेल ही ऐसे नेता हैं जो पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ खुलकर आवाज उठा रहे हैं।”

ईडी-सीबीआई कार्रवाई पर भी साधा निशाना

चौबे ने कहा कि बघेल और उनके परिवार को ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स की कार्रवाई का सामना इसी वजह से करना पड़ रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा – “ईडी भी सुन ले, भूपेश बघेल शेर हैं, डरने वाले नेता नहीं।”

सचिन पायलट से शिकायत

रविंद्र चौबे के बयान को लेकर कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से भी शिकायत की है। नेताओं का आरोप है कि चौबे का बयान संगठन को अस्थिर करने की कोशिश है। हालांकि अधिकृत तौर पर कोई नेता इस पर खुलकर सामने नहीं आया है।

उधर, पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा – “रविंद्र चौबे महाज्ञानी नेता हैं, उनके बयान पर कोई टिप्पणी नहीं।”

Leave a Comment