छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद।शासकीय जिला अस्पताल गरियाबंद में आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय और गरियाबंद ब्लड डोनर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गरियाबंद कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर श्री उइके ने रक्तदान को महान मानवीय सेवा बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्त की उपलब्धता से गंभीर रूप से बीमार मरीजों, प्रसवकालीन जटिलताओं का सामना कर रही महिलाओं और सड़क दुर्घटना पीड़ितों का जीवन बचाया जा सकता है।
उन्होंने प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान और ब्लड डोनर ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। साथ ही, उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि रक्तदान शिविर में आने वाले सभी दाताओं का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और उन्हें आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया और मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया।
गरियाबंद: जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, कलेक्टर ने किया निरीक्षण व उत्साहवर्धन








