छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद । छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में रजत जयंती वर्ष बड़े उत्साह से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में गरियाबंद जिले में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक अनोखा नवाचार करते हुए जिले की लड़कियों और महिलाओं को टैडी बियर, खिलौने, कलाकृतियाँ और सजावटी सामग्री बनाने का प्रशिक्षण शुरू किया है।
प्रशिक्षण में सिखाई जा रही रचनात्मकता
महिलाओं को नरम कपड़े, रूई, धागा, बटन, फोम, रिबन, स्कार्फ, प्लास्टिक व फाइबर फिलिंग का उपयोग कर गिलहरी, खरगोश, तोता, बंदर, चिड़िया और भालू जैसी आकर्षक और रंग-बिरंगी वस्तुएँ तैयार करना सिखाया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रशिक्षण
यह प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बेबी केयर यूनिट कक्ष में दिया जा रहा है, जहाँ महिलाएँ न केवल हुनर सीख रही हैं बल्कि आत्मनिर्भरता की ओर भी कदम बढ़ा रही हैं।
कलेक्टर ने किया निरीक्षण
आज कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने प्रशिक्षण स्थल का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा बनाई गई आकर्षक वस्तुओं को देखा। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को आजीविका का नया साधन उपलब्ध कराएगी और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देगी।
इस पहल से महिलाओं में उत्साह का माहौल है और वे अब आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई पहचान बना रही हैं।
गरियाबंद: महिलाओं को टैडी बियर बनाने की ट्रेनिंग








