Buy Advt. Space

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 नशीली टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

By


नूतन साहू गरियाबंद ! जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 120 नग नशीली टैबलेट नाइट्रोसन-10, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

यह कार्रवाई 5 अगस्त 2025 को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन युवक उड़ीसा व महासमुंद की ओर से नशीली टैबलेट लेकर बिक्री के उद्देश्य से फिंगेश्वर क्षेत्र में आ रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी फिंगेश्वर द्वारा एक टीम गठित कर थाना के सामने मेन रोड पर एमसीपी लगाकर घेराबंदी की गई।

कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 LZ 7206) में तीन संदिग्ध युवक आते दिखे, जिन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पास से 12 स्ट्रिप में कुल 120 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट (कीमत लगभग ₹936), वीवो कंपनी के दो टच मोबाइल और एक कीपैड फोन (कीमत ₹6,936) बरामद किए गए। आरोपियों के पास से जब्त की गई मोटरसाइकिल की कीमत लगभग ₹40,000 आँकी गई है। इस तरह कुल ₹46,936 की संपत्ति जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं:

1. नितेश उर्फ मोंटी ठाकुर (23 वर्ष), निवासी ठाकुरपारा, थाना राजिम।


2. दिनेश उर्फ मोनू धीवर (21 वर्ष), निवासी थाना पारा, राजिम।


3. महेश्वर निर्मलकर (20 वर्ष), निवासी आमापारा, राजिम।



पुलिस ने बताया कि नितेश और दिनेश के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गरियाबंद पुलिस अधीक्षक द्वारा नशीली दवाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके परिपालन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में नशीली दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा संदेश गया है।

Leave a Comment