गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट
राजिम, गरियाबंद ! जिला स्तरीय शिक्षक उत्सव कार्यक्रम का भव्य आयोजन आज राजिम में ओपन लिंक फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया। इस विशेष अवसर पर जिले के उत्कृष्ट शिक्षकों, संकुल समन्वयकों एवं ब्लॉक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विचार-विमर्श व कार्यशालाओं के माध्यम से शिक्षकों को अनुभव साझा करने का अवसर मिला।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलेक्टर श्री भगवान सिंह उइके ने शिक्षक समुदाय का उत्साहवर्धन करते हुए कहा,
“गौरव गरियाबंद अभियान के माध्यम से पिछले दो वर्षों में जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। हमें इस साल और ऊंचे लक्ष्य के लिए मेहनत करनी है। कमजोर बच्चों और पिछड़े इलाकों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि विनोबा ऐप शिक्षकों के लिए एक मजबूत सहायक बनकर उभरा है, जिससे शैक्षणिक कार्यों की निगरानी और सहयोग दोनों आसान हुए हैं।
शिक्षा विभाग का सक्रिय सहयोग
जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर ने कहा कि गौरव गरियाबंद अभियान में ओपन लिंक फाउंडेशन की अहम भूमिका रही है, और आने वाले समय में इस साझेदारी से जिले को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया जाएगा।
डीएमसी श्री शिवेश शुक्ला ने अपने वक्तव्य में कहा,
“शिक्षा की बेहतरी के हर प्रयास में जिला प्रशासन शिक्षक समुदाय के साथ है। हमारे शिक्षक पूरे समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, यही जिले की प्रगति की नींव है।”
फाउंडेशन की प्रतिबद्धता
ओपन लिंक फाउंडेशन के प्रतिनिधि विश्वजीत पवार, जितेंद्र, हेमंत साहू और शुभम पटेल ने बताया कि
“हमारा उद्देश्य सिर्फ तकनीकी सहायता देना नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायी माहौल बनाना है, जिसमें शिक्षक और विद्यार्थी दोनों आगे बढ़ सकें। भविष्य में और भी प्रोत्साहनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”
उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, स्रोत समन्वयक, संकुल समन्वयक, चयनित शिक्षक, तथा धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव व रायपुर के अधिकारी भी उपस्थित रहे। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में श्री मनोज केला, श्री बुद्ध विलास सिंह, तथा विल्सन थॉमस विल्सन शामिल थे।
विशेष बिंदु:
गौरव गरियाबंद अभियान के तहत 10वीं और 12वीं के परीक्षाफल में उल्लेखनीय सुधार।
पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार पर विशेष बल।
शिक्षक उत्सव के माध्यम से अनुभव साझा करने व सीखने का प्रेरक मंच।
“गौरव गरियाबंद अभियान से शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है” – कलेक्टर भगवान सिंह उइके








