गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट
तकनीकी व व्यावसायिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन, युवाओं को मिला आत्मविश्वास और अवसरों का मंच
गरियाबंद ! जिले के युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुखी बनाने की दिशा में एक सशक्त पहल करते हुए, कौशल विकास विभाग गरियाबंद द्वारा 28 व 29 जुलाई को लाइवलीहुड कॉलेज गरियाबंद में “कौशल तिहार 2025” का भव्य आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय महोत्सव युवाओं के लिए न केवल एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच रहा, बल्कि उनके तकनीकी व व्यावसायिक कौशल को निखारने और पहचान दिलाने का सुनहरा अवसर भी बना।
कार्यक्रम में जिले भर से सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया और अपने हुनर का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कौशल आधारित प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण कार्यशालाओं, कैरियर मार्गदर्शन सत्रों और “इंडिया स्किल्स 2025” के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की दिशा में मार्गदर्शन मिला।
मुख्य अतिथि राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने कहा –
“कौशल तिहार जैसे आयोजन हमारे युवाओं के लिए आशा की किरण हैं। शैक्षणिक डिग्री के साथ-साथ आज के समय में युवाओं को व्यावसायिक दक्षता की भी आवश्यकता है। यह मंच उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर देता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बिन्द्रानवागढ़ विधायक श्री जनक राम ध्रुव ने कहा
“इस आयोजन से युवाओं को न केवल आधुनिक तकनीकी ज्ञान मिल रहा है, बल्कि प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में प्रदर्शन करने का आत्मबल भी। कौशल शिक्षा के माध्यम से हम बेरोजगारी पर प्रभावी नियंत्रण पा सकते हैं।”
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
समारोह में विभिन्न ट्रेड्स में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस दौरान मंच पर विशेष रूप से उपस्थित रहे:
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप
सीईओ जिला पंचायत श्री जी.आर. मरकाम
नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखी राम यादव
उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन
जनपद छुरा अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर
साथ ही श्री अनिल चंद्राकर, श्री आशीष शर्मा, श्री अजय रोहरा, श्री प्रीतम सिन्हा, श्री चंद्रशेखर साहू,
कौशल प्राधिकरण की सहायक संचालक श्रीमती सृष्टि मिश्रा,
अंत्यावसायी बोर्ड की सीईओ सुश्री रश्मि गुप्ता
तथा लाइवलीहुड कॉलेज के प्रशिक्षार्थीगण।
“कौशल तिहार 2025” ने गरियाबंद के युवाओं में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का संचार किया है। यह आयोजन भविष्य में उनके करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
गरियाबंद में भव्य “कौशल तिहार 2025” का आयोजन
राजिम व बिन्द्रानवागढ़ विधायकों ने युवाओं को किया सम्मानित








