Buy Advt. Space

एकलव्य विद्यालय कोसमबुड़ा का कलेक्टर बी.एस. उइके ने किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से की आत्मीय बातचीत

By

गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट


गरियाबंद ! छुरा विकासखंड स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कोसमबुड़ा का निरीक्षण करते हुए गरियाबंद कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्रों की शिक्षा एवं सुविधाओं की स्थिति का गहन अवलोकन किया। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन, सुविधाओं और भविष्य की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य डॉ. कमलनाथ यादव ने कलेक्टर को बताया कि छात्र-छात्राएं अत्यंत लगन और अनुशासन के साथ अध्ययनरत हैं। यहां के कई विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर पुरस्कार प्राप्त किए हैं और राष्ट्रीय मंचों, विशेषकर नई दिल्ली जैसे बड़े शहरों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

कलेक्टर श्री उइके ने कहा –

“भारत सरकार की पहल पर जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से एकलव्य विद्यालयों की स्थापना की गई है। यहां के छात्र बेहद प्रतिभाशाली हैं, आवश्यकता है उन्हें बेहतर मार्गदर्शन और अवसर प्रदान करने की।”



उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि वे अनुशासन बनाए रखें और निरंतर मेहनत करें, तो जीवन में हर मुकाम हासिल कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों को आईआईटी, नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दें और उन्हें सही दिशा में तैयारी करवाएं।

प्रमुख बिंदु:

विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से नीट और आईआईटी की कोचिंग दी जा रही है।

कलेक्टर ने कक्षा 12वीं की छात्रा कुमारी पायल कंवर से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की।

मेस और निर्माण कार्यों का अवलोकन कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

परिसर में रंग-रोगन एवं पौधरोपण के निर्देश भी दिए गए।


निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त श्री नवीन भगत, एसडीएम श्रीमती ऋषा ठाकुर तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। यह दौरा न केवल प्रशासनिक निरीक्षण था, बल्कि विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रयास भी था।

कलेक्टर बी.एस. उइके एकलव्य विद्यालय निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए।

Leave a Comment