Buy Advt. Space

महिला के शव के गले से सोने की चेन चोरी: बीएम शाह अस्पताल के स्टाफ पर शक, पुलिस ने दर्ज किया केस

By
Last updated:

बीएम शाह में डेड बॉडी से सोने की चेन चोरी का मामला दर्ज

भिलाई ! भिलाई के बीएम शाह हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मृत महिला के गले से सोने की चेन चुराने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि, चोरी अस्पताल के स्टाफ ने की है। सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, दीपक नगर दुर्ग निवासी शुभम सिंह ने भिलाई के बीएम शाह अस्पताल के स्टाफ पर चोरी का आरोप लगाया है। उसने सुपेला पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि, उसकी बुआ इंदू सिंह का इलाज चल रहा था।

इलाज के दौरान 19 नवंबर 2024 की सुबह 3.45 बजे उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जब उन्हें मृत घोषित कर दिया, तो वहां के स्टाफ ने उनके शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाने की प्रोसेस शुरू की। मॉर्च्यूरी ले जाने से पहले अस्पताल के स्टाफ ने परिजनों को बुलाया और कहा कि, वो लोग उनके सभी सोने-चांदी का आभूषण उतार लें।

गले से सोने की चेन गायब

स्टाफ ने कहा कि, जेवर निकालने के बाद शव को शवगृह में रखा जाएगा। परिवार वालों के सामने अस्पताल के स्टाफ ने उनके आभूषण निकाले और परिजनों को देकर एक सुपुर्दगी फार्म में साइन करने की बात कही। इस दौरान परिजनों ने देखा कि इंदू सिंह ने सोने की चेन पहने थी, वो उनके गले से गायब है।

इस पर परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ से सोने की

चेन के बारे में पूछा, तो उन्होंने कोई जानकारी ना होने की बात कही। स्टाफ ने वार्ड में चेन खोजने का बहाना भी किया। लेकिन पूरा दिन निकल जाने के बाद भी चेन नहीं मिली, तो परिजनों ने सुपेला थाने में इसकी शिकायत की।

एक लाख से अधिक है चेन की कीमत

शुभम सिंह ने बताया कि, उसने आभूषण को सौंपने संबंधी फार्म पर हस्ताक्षर करते समय भी चेन गायब होने की बात लिखी थी। पीड़ित परिवार ने स्टाफ से चेन लौटाने की मिन्नतें की, लेकिन उन्हें चेन नहीं मिली। चोरी हुई चेन की कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

Leave a Comment