ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कभी माओवाद से प्रभावित रहे बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर उभर रही है। इसी बदलाव की झलक कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुधुर में देखने को मिली, जहां मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने साप्ताहिक समय-सीमा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर विभिन्न शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
माओवाद प्रभावित क्षेत्र में प्रशासन की पहुंच, विकास को मिली नई गति
कभी माओवादी गतिविधियों के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे ग्राम कुधुर में जिला स्तरीय प्रशासनिक बैठक का आयोजन क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों और मजबूत होती प्रशासनिक पहुंच का प्रतीक है। अब दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाएं और प्रशासनिक सेवाएं पहुंच रही हैं। इससे ग्रामीणों को शासकीय सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ विकास की नई संभावनाएं भी साकार हो रही हैं।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। आम नागरिकों की समस्याओं और मांगों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
धान खरीदी में पारदर्शिता और अवैध परिवहन पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में संचालित धान खरीदी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अपने प्रभार क्षेत्र के धान उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता रखी जाए तथा निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
इसके साथ ही सभी एसडीएम को धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर सतत निगरानी रखने और अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास और मॉडल आंगनबाड़ी निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत आवासों की निर्माण प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अपूर्ण आवासों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर जोर दिया।
अटल डिजिटल सेवा केंद्रों और महतारी सदन के कार्य जल्द पूरे करने पर जोर
अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जिन केंद्रों का निर्माण पूरा हो चुका है, उनका संचालन जल्द शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल सके। वहीं निर्माणाधीन केंद्रों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने महतारी सदन के भवन निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया।
इसके अलावा किसानों के एग्रीस्टैक पंजीयन और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने तथा सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल उपलब्ध कराने सहित शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आपसी समन्वय से समय-सीमा में पूरे करें विकास कार्य
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को गति देने, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
इस बैठक के माध्यम से दूरस्थ ग्राम कुधुर में प्रशासन की सक्रिय मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि माओवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शासन-प्रशासन लगातार प्रयासरत है।








