Buy Advt. Space

करंट लगने से युवक की मौत, गीला कपड़ा सुखाने के दौरान हुआ हादसा

By



रवि गहने जालबांधा/बघमर्रा। बघमर्रा गांव में रविवार को एक दुखद हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लीलाधर वर्मा (26 वर्ष), पिता संतु राम वर्मा, निवासी बघमर्रा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लीलाधर वर्मा नहाने के बाद गीला कपड़ा सुखाने के लिए घर के पास लगे लोहे के तार के पास गया था। लगातार बारिश के कारण तार में विद्युत प्रवाह होने की आशंका है। जैसे ही उसने कपड़ा डालने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गया।

कुछ समय बाद पत्नी द्वारा आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला। पास जाकर छूने का प्रयास करने पर उन्हें भी करंट का झटका लगा, जिसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। मृतक के पिता ने तत्काल मुख्य बिजली स्विच बंद किया, जिससे युवक तार से अलग होकर नीचे गिर गया।

परिजन लीलाधर को तत्काल सिविल अस्पताल खैरागढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही लोगों से बारिश के मौसम में खुले तारों और बिजली उपकरणों के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Leave a Comment