Buy Advt. Space

पाटन के लोहरसी गौठान में मवेशी की मौत, अवैध मुरुम खनन के आरोप से ग्रामीणों में आक्रोश

By

पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लोहरसी स्थित गौठान में एक मवेशी की मौत के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने गौठान में चारा, पानी और मवेशियों की देखरेख की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गौठान में उचित देखभाल नहीं होने के कारण मवेशियों की स्थिति लगातार खराब हो रही है। उनका कहना है कि पहले भी अव्यवस्था के कारण मवेशियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।

रात में मुरुम खनन का भी आरोप

ग्रामीणों ने गौठान से लगे क्षेत्र में रात के समय अवैध मुरुम उत्खनन किए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के मुताबिक अंधेरे का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में वाहनों से मुरुम निकाले जाने की बात सामने आ रही है। उनका दावा है कि अब तक कई सौ गाड़ियां मुरुम ले जाई जा चुकी हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, गौठान में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा-पानी और देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा यदि अवैध खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

सरपंच ने कहा – मुरुम उत्खनन की जानकारी नहीं

वहीं, लोहरसी सरपंच राकेश साहू ने कहा कि उन्हें गौठान क्षेत्र में मुरुम उत्खनन की जानकारी नहीं है। उन्होंने अवैध मुरुम खनन की जानकारी होने से इनकार किया है।

अब सवाल यह है कि गौठान में मवेशी की मौत की वास्तविक वजह क्या है और क्या आसपास के क्षेत्र में वास्तव में अवैध मुरुम उत्खनन हो रहा है? इन दोनों मामलों में प्रशासनिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment