रवि गहने खैरागढ़। थाना खैरागढ़ पुलिस ने नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में आरोपी पति अजय बघेल (30 वर्ष), निवासी टेकापार खुर्द को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतिका का विवाह 24 फरवरी 2025 को सामाजिक रीति-रिवाज से अजय बघेल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के करीब 2-3 महीने बाद पति द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने और अपेक्षा के अनुरूप नगद राशि नहीं मिलने को लेकर मृतिका को प्रताड़ित किया जाने लगा। मारपीट किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
इसके अलावा, सगाई के दौरान मृतिका को मिले हाथ के आभूषण आरोपी द्वारा अपने पास रख लिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। वहीं शादी के समय मृतिका की पढ़ाई जारी रखने पर सहमति होने के बावजूद उसे डी.एड. की पढ़ाई करने से रोकने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर मृतिका ने अपने घर के टॉयलेट में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 324/2026 दर्ज कर धारा 80 एवं 85 BNS के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को आरोपी अजय बघेल को गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
खैरागढ़ में नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल








