Buy Advt. Space

उप जेल नारायणपुर पहुंचे प्रधान न्यायाधीश, बंदियों की समस्याएं सुनीं, निरीक्षण किया

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी ने उप जेल नारायणपुर का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, पेयजल, चिकित्सा एवं आवासीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

बंदियों से किया सीधा संवाद

निरीक्षण के दौरान प्रधान न्यायाधीश ने बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बंदियों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित और विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी

प्रधान न्यायाधीश ने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए कहा कि आर्थिक या अन्य कारणों से अधिवक्ता उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में पात्र बंदी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

अभिलेखों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जेल अभिलेखों, स्वास्थ्य परीक्षण, मुलाकात रजिस्टर, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने जेल प्रशासन को सभी बंदियों के संवैधानिक एवं मानवाधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने तथा शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्वक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सुधारात्मक गतिविधियों पर दिया विशेष जोर

प्रधान न्यायाधीश ने जेल परिसर में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने, स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा बंदियों के पुनर्वास एवं सुधारात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है। साथ ही अधिकारियों को नियमित अनुश्रवण करते हुए किसी भी समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Comment