Buy Advt. Space

मर्दापाल बाजार पहुंचे उप मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांवकोण्डागांव,बस्तर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कोण्डागांव जिले के ग्राम मर्दापाल स्थित साप्ताहिक बाजार में अचानक पहुंचकर लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। नारायणपुर के कन्हारगांव में आयोजित कार्यक्रम से लौटते समय कडेनार, हड़ेली और मर्दापाल होते हुए कोण्डागांव जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे सजे साप्ताहिक बाजार को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और सीधे लोगों के बीच पहुंच गए।

बाजार में घुल-मिलकर जाना लोगों का हालचाल

उप मुख्यमंत्री ने बाजार में मौजूद ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और व्यापारियों से आत्मीयता से मुलाकात की। उन्होंने लोगों का हालचाल जानने के साथ ही बाजार की व्यवस्थाओं, क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनजीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी क्षेत्र के विकास और सुविधाओं को लेकर संवाद किया।

नक्सल भय खत्म होने से बाजार में लौटी रौनक

ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि नक्सल भय कम होने के बाद अब मर्दापाल का साप्ताहिक बाजार फिर से गुलजार होने लगा है। पहले जहां आसपास के कई गांवों के लोग बाजार आने से कतराते थे, वहीं अब दूर-दराज के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में बाजार पहुंच रहे हैं। इससे व्यापारिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हुई है।

सहज व्यवहार से लोगों में दिखा उत्साह

उप मुख्यमंत्री के अचानक बाजार पहुंचने और आम लोगों के बीच सहजता से समय बिताने पर बाजार में उत्साह का माहौल देखने को मिला। लोगों ने उनके आत्मीय व्यवहार की सराहना की और उनसे खुलकर अपनी बातें साझा कीं। ग्रामीणों ने इसे अपने लिए यादगार पल बताया।

Leave a Comment