ब्यूरो चीफ बन्नूराम कोंडागांव। कोंडागांव, समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत एचडीएफसी बैंक परिवर्तन एवं अंबुजा फाउंडेशन के सहयोग से ग्राम इसलनार के बड़े तालाब परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम, आंवला और कटहल जैसे फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम सरपंच श्रीमती रीना सोरी एवं शासकीय उद्यानिकी विभाग, कोंडागांव के प्रमुख श्री लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण में भाग लिया।
पौधों के संरक्षण पर दिया गया जोर
उद्यानिकी विभाग के प्रमुख श्री लोकेश्वर प्रसाद ध्रुव ने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
घर-घर हरियाली बढ़ाने का आह्वान
ग्राम सरपंच श्रीमती रीना सोरी ने ग्रामीणों से अपने घरों के आंगन और उपलब्ध स्थानों पर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण और हरित ग्राम का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक परिवर्तन एवं अंबुजा फाउंडेशन की ओर से परियोजना प्रबंधक श्री योगेश मंगदुम, प्रोजेक्ट ऑफिसर सुश्री नेहा कुशवाहा, श्री भूपेंद्र राजपूत सहित स्वयंसेवक एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








