ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस चौपाल में स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया गया।
निर्माण कार्य के दौरान हुई क्षति बनी विवाद की वजह
अजाक परिसर से लगे पुराने व्यवसायिक कॉम्पलेक्स को हटाकर नए कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्य के दौरान की गई खुदाई से समीप स्थित पुलिस कॉलोनी के कुछ बाथरूम, टॉयलेट और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इससे वहां निवासरत लोगों में नाराजगी का माहौल था और समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित हुई चौपाल
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्र के मार्गदर्शन में जिले में लगातार सहयोग चौपाल लगाकर जनसमस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को अजाक थाना परिसर में सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया।
दोनों पक्षों को सुनकर निकाला गया समाधान
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार, थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय तथा अजाक प्रभारी उप निरीक्षक अमिताभ खाण्डेकर की उपस्थिति में नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित स्थानीय नागरिक और निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार उपस्थित रहे।
चौपाल में दोनों पक्षों की समस्याओं और शिकायतों को विस्तार से सुना गया। चर्चा और आपसी सहमति के माध्यम से समस्या का समाधान निकाला गया, जिससे दोनों पक्ष संतुष्ट नजर आए।
लोगों ने की पुलिस की पहल की सराहना
सहयोग चौपाल के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच संवाद स्थापित कर समस्याओं का समाधान किए जाने की इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की। नागरिकों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव हो रहा है और पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ रहा है।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
सहयोग चौपाल में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) रूपेश कुमार, निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक अमिताभ खाण्डेकर, नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








