Buy Advt. Space

पूर्व सैनिक परिषद ने लगाया निशुल्क डेंटल चेकअप स्वास्थ्य शिविर

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा 10 मई 2026 को निशुल्क डेंटल चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. शिल्पा देवांगन ने सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 54 युवक एवं युवतियों के दांतों की जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया।

दांतों और मसूड़ों की देखभाल के दिए महत्वपूर्ण सुझाव

डॉ. शिल्पा देवांगन ने युवाओं को दांतों, मसूड़ों और मुंह से जुड़ी समस्याओं की रोकथाम एवं उपचार के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुबह और रात भोजन के बाद नियमित रूप से ब्रश करना चाहिए तथा मसूड़ों की बीमारियों से बचने के लिए फ्लॉसिंग करना भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने सही तरीके से ब्रश करने की जानकारी देते हुए कहा कि ब्रश को मसूड़ों से 45 डिग्री के कोण पर रखकर हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में ब्रश करना चाहिए। अधिक जोर से ब्रश करने से दांतों के इनेमल को नुकसान पहुंच सकता है।

खान-पान और स्वच्छता पर दिया विशेष जोर

डॉ. देवांगन ने युवाओं को कैल्शियम और फास्फोरस युक्त खाद्य पदार्थ जैसे दूध, दही और पनीर के सेवन की सलाह दी। साथ ही टॉफी, चॉकलेट और कोल्ड ड्रिंक जैसे मीठे एवं अम्लीय पदार्थों से दूरी बनाने को कहा, क्योंकि इससे दांतों में सड़न की समस्या बढ़ती है।

उन्होंने दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, जीभ की नियमित सफाई करने तथा धूम्रपान और तंबाकू से दूर रहने की भी सलाह दी। इसके अलावा साल में कम से कम दो बार दंत चिकित्सक से जांच कराने की बात कही।

डॉ. शिल्पा देवांगन का किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा तथा सदस्य श्रीकांत तिवारी द्वारा डॉ. शिल्पा देवांगन को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। परिषद की ओर से युवाओं के निशुल्क डेंटल चेकअप एवं स्वास्थ्य परामर्श के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया गया।

Leave a Comment