Buy Advt. Space

खैरागढ़ जनपद में राशि मिलने के बाद भी आवास निर्माण शुरू नहीं

By

ब्यूरो चीफ: रवि गहने ।खैरागढ़ खैरागढ़ जिले के खैरागढ़ जनपद पंचायत क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राशि मिलने के बाद भी हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को योजना की राशि हितग्राहियों के खातों में जारी की गई थी। इसके बावजूद कई लाभार्थियों ने अब तक आवास निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024-25 में जिन लोगों को आवास स्वीकृत हुआ था, उनमें से भी कई ने अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है।

वहीं वर्ष 2025-26 में भी लगभग हर गांव में 60 से 70 लोगों को आवास स्वीकृत हुआ है, लेकिन इनमें से केवल 20 से 25 हितग्राही ही निर्माण कार्य शुरू कर पाए हैं। बाकी लोग राशि मिलने के बावजूद निर्माण कार्य में देरी कर रहे हैं, जिससे अन्य पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत घरों का निर्माण लगभग छह माह के भीतर पूरा किया जाना चाहिए, लेकिन कई जगहों पर यह कार्य एक वर्ष तक भी पूरा नहीं हो पाता।

इसके अलावा मनरेगा कार्य को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि कुछ ग्राम पंचायतों में जिन लोगों को आवास स्वीकृत हो चुका है, उन्हें भी मनरेगा कार्य में शामिल किया जा रहा है, जबकि जिनका आवास नहीं आया है, उन्हें काम से वंचित किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नियम सभी के लिए समान होना चाहिए।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि जिन हितग्राहियों का आवास निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए जाएं और अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि योजना का लाभ अन्य पात्र लोगों तक भी पहुंच सके।

Leave a Comment