Buy Advt. Space

रायपुर में युवती के वीडियो से ब्लैकमेल, आरोपी ने मां को रोका,पांच लाख मांगे धमकी

By

रायपुर। राजधानी रायपुर के टैगोर नगर इलाके से ब्लैकमेलिंग और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने युवती के निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर परिवार से 5 लाख रुपये की मांग की है। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती की मां को बीच सड़क पर रोककर उनके पति की हत्या और बेटी के अपहरण की धमकी भी दी।

जानकारी के अनुसार, घटना पुजारी पार्क के पास की है। 5 मार्च की रात करीब 10 बजे पीड़िता अपनी पालतू कुत्ते को घुमाने निकली थी। इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी आरोपी हार्दिक जैन वहां पहुंचा और महिला का रास्ता रोक लिया।

आरोपी ने दावा किया कि उसके पास महिला की बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो हैं और यदि परिवार ने 5 लाख रुपये नहीं दिए तो वह इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। महिला के विरोध करने और शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि अगले दिन 6 मार्च को आरोपी ने महिला को फोन कर दोबारा धमकी दी और कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह उनके पति को चाकू मार देगा और बेटी को उठा ले जाएगा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार दहशत में है।

पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश ठाकुर ने बताया कि आरोपी हार्दिक जैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Comment