बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 2 बजे ट्रेलर क्रमांक CG 11 BD 9044 सकरी से रतनपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG 04 MQ 4220 से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव, थाना तखतपुर; विशाल लहरे (25) निवासी बिरगहनी, जिला मुंगेली; अनमोल लहरे (14) निवासी बिरगहनी; और सोनू मिरी (28) निवासी कोटा के रूप में हुई है। हादसे में प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है।
बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सकरी पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
CG में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर-स्कॉर्पियो की टक्कर में 4 की मौत, एक गंभीर








