ब्यूरो रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। ग्राम बफरा एवं उदयपुर में सूने मकानों में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 3,95,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
क्या है मामला?
दिनांक 11 फरवरी 2026 को प्रार्थी सुनील साहू निवासी उदयपुर (थाना छुईखदान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि खेत से लौटने पर घर का दरवाजा खुला मिला और आलमारी से नगदी 30 हजार रुपये सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे।
इसी तरह ग्राम बफरा निवासी रेखचंद साहू ने भी घर का ताला तोड़कर नगदी 15 हजार रुपये व जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छुईखदान, चौकी जालबांधा एवं साइबर सेल खैरागढ़ की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि करमतरा निवासी ओमप्रकाश साहू जेल से छूटने के बाद संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। पुलिस ने ओमप्रकाश साहू (19 वर्ष) एवं दिलेश्वर साहू (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें दोनों ने बफरा, उदयपुर एवं अन्य स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया।
बरामद सामान
आरोपियों के पास से
- 12 सोने के लॉकेट
- 1 जोड़ी सोने का टॉप्स
- 1 जोड़ी सोने की ईयरिंग
- 1 जोड़ी चांदी का लच्छा
- 8 जोड़ी चांदी की पायल
- करधन, बिछिया, कड़ा
- नगदी रकम
- घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व सब्बल
कुल मिलाकर लगभग 3.95 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
दर्ज अपराध
- थाना छुईखदान: अपराध क्रमांक 45/2026, धारा 305-ए बीएनएस
- चौकी जालबांधा (थाना खैरागढ़): अपराध क्रमांक 47/2026, धारा 331(4), 305-ए बीएनएस
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिवत कार्रवाई कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। केसीजी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।








