Buy Advt. Space

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू की मौजूदगी में दिनेश पटेल ने संभाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पद

By

रिसाली। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू की गरिमामयी उपस्थिति में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्र.06 रिसाली के नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश पटेल का पदभार ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह और संगठन को मजबूत करने का संकल्प देखने को मिला।

समारोह में पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पटेल को माला पहनाकर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त होगा। इस अवसर पर ब्लॉक क्र.06 के अंतर्गत नवनियुक्त सात मंडल अध्यक्षों—नंद किशोर गुप्ता, अशोक कुमार सिन्हा, शीतल यादव, मो. नियाज़, संतू दास मानिकपुरी, पेनुक नेताम एवं किरण नायडू—का भी माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताम्रध्वज साहू ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं। नई नियुक्तियों से पार्टी में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाएं और कांग्रेस की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाएँ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। अब समय है कि सभी एकजुट होकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष से हर वार्ड में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

वरिष्ठ नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति

समारोह में प्रदेश महासचिव जितेन्द्र साहू, भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मुकुंद भाऊ, रिसाली नगर निगम सभापति केशव बंछोर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्ष, पार्षदगण, एमआईसी सदस्य, पूर्व पार्षद, पूर्व एल्डरमैन, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आतिशबाजी के साथ हुआ स्वागत

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” और “ताम्रध्वज साहू जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।

दिनेश पटेल ने लिया संगठन को मजबूत करने का संकल्प

नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश पटेल ने शीर्ष नेतृत्व एवं ताम्रध्वज साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत कर कांग्रेस को अजेय बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करेंगे।

Leave a Comment