Buy Advt. Space

इंद्रावती नदी में नाव पलटी, दो बच्चे व दो महिलाएं लापता

By

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। भैरमगढ़ ब्लॉक के ग्राम उसपरी के पास इंद्रावती नदी पार करते समय एक नाव पलट गई। नाव में सवार 6 ग्रामीणों में से 4 लोग नदी के तेज बहाव में बह गए, जबकि 2 लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

लापता लोगों में 2 बच्चे और 2 महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नाव पलटने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, भैरमगढ़ ब्लॉक के सुदूर इलाकों में बसे ग्रामीण आज भी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए इंद्रावती नदी नाव से पार करने को मजबूर हैं। बुधवार को सभी ग्रामीण बाजार से खरीदारी कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। नदी के बीच पहुंचते ही नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई।

रेस्क्यू में आई दिक्कत

घटना शाम के समय हुई, जिससे तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आई। हालांकि ग्रामीणों की मदद से दो लोगों को बचा लिया गया, लेकिन चार लोग नदी के तेज बहाव में बह गए।

प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सर्वे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया। अंधेरा होने के कारण देर रात तक सीमित सफलता मिली। गुरुवार सुबह से दोबारा सर्च ऑपरेशन तेज किया जाएगा और आसपास के ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है।

प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Comment