भिलाई। सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) खेल, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक नई पहल करते हुए रविवार, 8 फरवरी 2026 को ओपन हाफ मैराथन का आयोजन करने जा रहा है। यह आयोजन स्टील सिटी भिलाई के लिए एक महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है, जिसमें देशभर से धावकों और फिटनेस प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।
इस हाफ मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई हैं, ताकि पेशेवर एथलीटों के साथ-साथ शौकिया धावक, युवा वर्ग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिक भी भाग ले सकें।
आयोजन को और अधिक प्रोत्साहन देने के लिए सभी श्रेणियों में पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए पृथक-पृथक आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
हाफ मैराथन में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य होगा। आयोजन हेतु एक समर्पित वेबसाइट शीघ्र ही लॉन्च की जाएगी, जिसके माध्यम से पंजीकरण किया जा सकेगा। पंजीकरण की तिथियों, आयोजन की विस्तृत रूपरेखा और अन्य आवश्यक जानकारियां अलग से जारी की जाएंगी।
बीएसपी की यह पहल भिलाई को खेल और फिटनेस के राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
भिलाई इस्पात संयंत्र 8 फरवरी को ओपन हाफ मैराथन आयोजित करेगा








